तौल कराने के बहाने लिया सोना, डेढ़ लाख रुपये हड़पने का आरोप; महिला गिरफ्तार, भेजी गई जेल

31मई 2026

जगदलपुर। शहर में एक महिला द्वारा सोने के आभूषण गिरवी रखकर उसकी रकम हड़पने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़ित की शिकायत पर जांच के बाद यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में एक परिवार को अपनी बेटी के इलाज के लिए पैसों की आवश्यकता थी। इसी दौरान परिचितों के माध्यम से सोने के झुमके की कीमत का आकलन कराने और बिक्री योग्य राशि बताने के नाम पर आभूषण लिया गया। आरोप है कि झुमके को वापस करने या उसकी राशि देने के बजाय उसे किसी अन्य व्यक्ति के पास गिरवी रख दिया गया और उससे प्राप्त रकम का निजी उपयोग कर लिया गया।
पीड़ित द्वारा लगातार अपने आभूषण या उसकी कीमत की मांग किए जाने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। जांच के दौरान सामने आया कि सोने के झुमके को गिरवी रखकर प्राप्त राशि का उपयोग कर लिया गया था, जबकि पीड़ित को न तो उसकी जानकारी दी गई और न ही कोई भुगतान किया गया।
पुलिस जांच के दौरान आरोपी महिला से आभूषण और उससे जुड़ी जानकारी के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन उसने स्पष्ट जानकारी देने के बजाय लगातार टालमटोल किया। आरोप है कि उसने मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों को छिपाने का प्रयास किया और जांच में सहयोग नहीं किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि लोगों के साथ विश्वासघात कर आभूषण या अन्य संपत्ति का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *