नई दिल्ली, 30 सितंबर 2026। दिल्ली में ढांचागत विकास और कनेक्टिविटी से जुड़ी 1,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को गति मिली है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इस दौरान करीब नौ साल की देरी से तैयार बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर और मुकरबा चौक अंडरपास का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा मोदी मिल-सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर और लोनी रोड गोल चक्कर अंडरपास का शिलान्यास किया गया।
बारापुला फेज-3 के शुरू होने से पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच आवागमन बेहतर होने की उम्मीद है। करीब 10.9 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर को मौजूदा बारापुला नेटवर्क से जोड़ा गया है। इसमें नौ लूप के साथ पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे मयूर विहार फेज-1 से सराय काले खां होते हुए दक्षिण दिल्ली और एम्स की ओर जाने वाले मार्ग पर सिग्नल मुक्त आवागमन को बढ़ावा मिलेगा।
वहीं, मुकरबा चौक अंडरपास में दो वाहन अंडरपास और एक पैदल यात्री अंडरपास बनाया गया है। इससे बादली और रोहिणी से आजादपुर तथा जहांगीरपुरी की ओर जाने वाले वाहनों को सीधा मार्ग मिलेगा। अनुमान है कि इससे रोजाना करीब 15,800 वाहनों को लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसद रामबीर सिंह बिधूड़ी, लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार के समन्वय से राजधानी में आधुनिक और नागरिक केंद्रित ढांचागत विकास को गति मिल रही है।