छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की सख्त गाइडलाइन: गहरे रंग के कपड़ों और हाई हील पर रोक, 22 फरवरी को होगी प्रारंभिक परीक्षा

रायपुर। राज्य सिविल सेवा भर्ती परीक्षा–2025 की प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं और प्रदेश के सभी 33 जिलों में केंद्र बनाए गए हैं। आयोग ने एडमिट कार्ड के साथ विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठने से वंचित किया जा सकता है।
ड्रेस कोड अनिवार्य, गहरे रंग के कपड़ों पर प्रतिबंध
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काला, गहरा नीला, हरा, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के वस्त्र पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। कार्गो पैंट, डिजाइनर या भारी परिधान की अनुमति नहीं होगी। हालांकि साधारण जींस या सामान्य पैंट पहनने की छूट रहेगी।
महिला अभ्यर्थियों के लिए विशेष निर्देश
महिलाएं आधी बांह की सलवार-कुर्ती या साड़ी के साथ आधी बांह का ब्लाउज पहन सकती हैं। कानों में किसी भी प्रकार के आभूषण की अनुमति नहीं है। विवाहित महिलाओं को केवल एक नोज पिन और एक मंगलसूत्र पहनने की छूट दी गई है।
जूते-चप्पलों पर सख्ती
मोटे सोल या ऊंची हील वाले जूते पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। केवल पतले सोल वाली चप्पल या स्लीपर की अनुमति रहेगी।
केंद्र में क्या ले जा सकते हैं?
परीक्षा केंद्र में सीमित वस्तुएं ही ले जाने की अनुमति होगी, जिनमें शामिल हैं—
बिना लेबल की पारदर्शी पानी की बोतल
प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट
मूल फोटो पहचान पत्र (मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार या ई-आधार)
काला या नीला बॉल पेन
यदि प्रवेश पत्र पर लगी फोटो स्पष्ट नहीं है, तो दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। नाम या फोटो में अंतर होने पर संबंधित मूल दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध
मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, सामान्य घड़ी, कैलकुलेटर, लॉग टेबल, पेजर या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक या संचार उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए जैमर लगाए जाएंगे।
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए प्रावधान
सहलेखक की अनुमति प्राप्त अभ्यर्थियों को जिला कार्यालय से जारी स्वीकृति पत्र साथ रखना होगा। सहलेखक पर भी परीक्षा के सभी नियम लागू होंगे। चिकित्सकीय आवश्यकता के आधार पर विशेष जूते या उपकरण की अनुमति जांच के बाद दी जाएगी।
समय से पहले पहुंचना जरूरी
आयोग ने निर्देश दिया है कि प्रत्येक सत्र के लिए अभ्यर्थी परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचें। परीक्षा प्रारंभ होने से 15 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा समाप्त होने से पहले किसी को भी केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी, सिवाय चिकित्सा आपात स्थिति के।
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और व्यवस्थित परीक्षा संचालन में सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *