नक्सल मुक्ति के बाद भी जंगलों में सर्च अभियान जारी, डीआरजी को मिली मशीनों और तकनीकी उपकरणों की बड़ी खेप

नारायणपुर, 14 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सल मुक्ति के बाद भी सुरक्षा बलों का सर्च अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में डीआरजी की टीम ने ग्राम डुंगा एवं रेकावाया के जंगल क्षेत्र में सर्च अभियान चलाकर बड़ी संख्या में मशीनरी उपकरण और तकनीकी सामग्री बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार एवं ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया। डीएसपी मनोज कुमार मंडावी के नेतृत्व में डीआरजी की टीम ने 13 नवंबर को जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, कटर मशीन, बेंच ग्राइंडर सहित विभिन्न प्रकार के उपकरण मिले।

बरामद सामग्री में 2 ड्रिल मशीन, 2 वेल्डिंग मशीन, एक कटर मशीन, 3 ब्लोअर, एक बेंच ग्राइंडर, एक टेबल ड्रिल मशीन, 2 टेबल ग्राइंडर, 2 वेल्डिंग होल्डर और 13 वायरिंग बोर्ड शामिल हैं। इसके अलावा ड्रिल मशीन में उपयोग होने वाली मोटर, आर. बॉक्स वायर, स्प्रिंग वायर, बाइंडर, रॉकेट सेट, ड्रिल बिट, टेप रिंच, स्पैनर, वी-बेल्ट और बेंच वाइस सहित अन्य तकनीकी सामग्री भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, नक्सल मुक्ति के बाद भी क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं। नारायणपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में सुरक्षा एवं विकास का वातावरण बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की निगरानी और तलाशी अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *