वाराणसी 30सितंबर 2026/बाबा लाट भैरव के विवाहोत्सव के दौरान डांस कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। वीडियो को लेकर दावा किया गया कि सुरक्षा ड्यूटी में तैनात कुछ पुलिसकर्मी डांस देखते और मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वाराणसी पुलिस ने वीडियो में दिखाई गई पुलिस की मौजूदगी को AI से तैयार किया गया फर्जी कंटेंट बताया है।
पुलिस के मुताबिक, 23 से 27 सितंबर तक बाबा लाट भैरव का तिलकोत्सव और विवाहोत्सव आयोजित हुआ था। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम और आर्केस्ट्रा भी हुआ और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।
पुलिस ने बताया AI से तैयार किया गया वीडियो
DCP गौरव बंसवाल के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में AI की मदद से पुलिस बल की तस्वीर जोड़ी गई। पुलिस का कहना है कि कार्यक्रम के वास्तविक वीडियो में कलाकारों के पीछे पुलिसकर्मी दिखाई नहीं दे रहे हैं। पुलिस की छवि खराब करने के उद्देश्य से भ्रामक सामग्री प्रसारित करने का आरोप लगाते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक, आदमपुर थाने में धारा 356 और 353(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच उप निरीक्षक अखिल सिंह को सौंपी गई है।
कांग्रेस ने साधा निशाना
वीडियो को लेकर कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर भाजपा और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए और इसे ‘मिशन शक्ति’ बताते हुए कानून-व्यवस्था पर टिप्पणी की। वहीं पुलिस का कहना है कि वायरल सामग्री वास्तविक नहीं, बल्कि AI से तैयार की गई है।
फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीर प्रसारित करने वालों की पहचान में जुटी है।