मनाली में रील के नाम पर विवाद: अर्धनग्न वीडियो वायरल, देवभूमि की गरिमा पर उठे सवाल

हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पूरे प्रदेश में विवाद का विषय बन गया है। वायरल वीडियो में एक महिला को बर्फीले इलाके में आपत्तिजनक वेशभूषा में रील बनाते हुए देखा जा रहा है। वीडियो को मनाली का बताकर साझा किया गया, जिसके बाद लोगों ने इसे देव संस्कृति और हिमाचल की सामाजिक मर्यादाओं के विरुद्ध करार देते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी।
मामला सामने आने के बाद हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि रील और व्यूज के नाम पर अश्लीलता फैलाना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सभ्य आचरण सभी के लिए अनिवार्य है और देवभूमि की संस्कृति के विपरीत किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को सख्त कदम उठाने के निर्देश भी दिए जा सकते हैं।
जानकारी के अनुसार, वीडियो बनाने वाली महिला का इंस्टाग्राम अकाउंट “मेघारानी-2556” नाम से है, जिस पर करीब 45.5 हजार फॉलोअर्स हैं। इस अकाउंट से मनाली लोकेशन के साथ दो वीडियो पोस्ट किए गए हैं—एक 9 सेकेंड और दूसरा 27 सेकेंड का। 9 सेकेंड का वीडियो सबसे अधिक वायरल हुआ है, जिसे अब तक 80 हजार से अधिक बार देखा जा चुका है। दूसरे वीडियो पर “मनाली की गर्मी” कैप्शन दिया गया है।
महिला की पहचान और निवास स्थान को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। उसके इंस्टाग्राम प्रोफाइल में केवल “इंडिया” लिखा है। हालांकि, अकाउंट पर मौजूद अन्य वीडियो गाजियाबाद, गुरुग्राम और जैसलमेर जैसे शहरों में शूट किए गए प्रतीत होते हैं।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया तक ही सीमित है। प्रशासन की ओर से किसी आधिकारिक कार्रवाई या जांच की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन वीडियो ने पर्यटन स्थल की गरिमा, सामाजिक जिम्मेदारी और सोशल मीडिया कंटेंट की सीमाओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *