अंबिकापुर/मैनपाट, 30 अगस्त 2026। मैनपाट घूमने पहुंचे केरल निवासी युवक-युवती के साथ घुनघुट्टा नदी में दर्दनाक हादसा हो गया। रपटा पार करते समय सामने से आ रही कार को साइड देने के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों तेज बहाव वाली नदी में बाइक समेत जा गिरे। हादसे में 25 वर्षीय युवक कृष्णनन नदी में बहकर लापता हो गया, जबकि 22 वर्षीय गौरी नंदन को स्थानीय युवक ने साहस दिखाते हुए बचा लिया।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक-युवती रायपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। शनिवार को वे घूमने के लिए मैनपाट पहुंचे थे। रविवार को घुनघुट्टा नदी का रपटा पार करते समय सामने से एक कार आ गई। कार को रास्ता देने के दौरान बाइक फिसल गई और दोनों नदी के तेज बहाव में गिर गए।
युवती को नदी में बहता देखकर स्थानीय युवक सम्शुद्दीन खान ने तत्काल मदद के लिए रस्सी फेंकी और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, 25 वर्षीय कृष्णनन तेज बहाव की चपेट में आकर दूर तक बह गया और उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
लगातार हो रही बारिश के कारण घुनघुट्टा नदी उफान पर है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में भी मुश्किलें आ रही हैं। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है और लापता कृष्णनन की तलाश में अभियान जारी है।
प्रशासन की ओर से नदी और रपटे के तेज बहाव को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। बारिश के दौरान ऐसे जलभराव वाले रास्तों और रपटों को पार करना जानलेवा साबित हो सकता है।