रायपुर30जून2026/तिल्दा-नेवरा। रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के ग्राम सिर्वे में 35 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद और शराब की लत को घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक मोतीराम वर्मा पेशे से वाहन चालक था। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक वह लंबे समय से शराब का सेवन करता था, जिससे घर में अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले भी शराब के नशे में उसका पत्नी से विवाद हुआ था। इस दौरान कथित रूप से मारपीट में पत्नी घायल हो गई, जिसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया था।
अगले दिन मोतीराम अपने कमरे से बाहर नहीं निकला। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर रोशनदान से झांककर देखा गया तो वह फंदे से लटका मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। जांच में यह भी सामने आया है कि मोतीराम पहले कुछ समय तक पुलिस विभाग में वाहन चालक के रूप में भी कार्य कर चुका था। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों और अन्य सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पत्नी से विवाद के अगले दिन युवक ने फांसी लगाई, घरेलू कलह बनी मौत की वजह!