220 फीट गहरे बोरवेल में गिरा मासूम, सेना और एनडीआरएफ ने संभाला रेस्क्यू ऑपरेशन

अंबाला30जून2026/हरियाणा के अंबाला जिले के धनौरा गांव में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को चिंता में डाल दिया। करीब साढ़े तीन वर्षीय मासूम निर्भय खेलते-खेलते खेत में बने लगभग 220 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, बच्चा अपने चाचा के साथ खेत गया था, जहां धान की रोपाई का काम चल रहा था। इसी दौरान चाचा काम में व्यस्त हो गए और बच्चा खेलते-खेलते पास में मौजूद खुले, बंद पड़े बोरवेल तक पहुंच गया। बोरवेल पर सुरक्षा के लिए कोई ढक्कन नहीं लगा था, जिससे वह सीधे उसमें गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद सेना और एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। भारी मशीनों और विशेष उपकरणों की मदद से बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा है और सभी मासूम के सकुशल बाहर आने की दुआ कर रहे हैं। प्रशासन लगातार बचाव अभियान की निगरानी कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *