प्यार के लिए पति की हत्या! चलती बाइक पर जूस में मिलाया जहर, डेढ़ घंटे तड़पता रहा पति; प्रेमी संग पत्नी गिरफ्तार

जयपुर। 23अगस्त 2026/विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 23 वर्षीय कविता मीणा ने अपने 9 साल पुराने प्रेमी गणेश मीणा के साथ मिलकर पति महेश मीणा की जहर देकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच के मुताबिक कविता अपनी शादी से खुश नहीं थी और प्रेमी गणेश के साथ रहना चाहती थी। परिवार के दबाव में उसकी शादी महेश से हुई थी। आरोप है कि पति से छुटकारा पाने के लिए गणेश ने ही कविता को उसकी हत्या की साजिश रचने का सुझाव दिया।

पिता से मंगवाया कीटनाशक, फिर रची हत्या की साजिश

पुलिस के मुताबिक, करीब चार महीने पहले कविता ने बहाने से अपने पिता से फसलों में इस्तेमाल होने वाला कीटनाशक मंगवाया था। उसने घरवालों को शक न हो, इसके लिए कुछ कीटनाशक सास को अनाज में डालने के लिए दे दिया, जबकि बाकी अपने पास छिपाकर रख लिया।

5 अगस्त को कविता ने पति महेश को मंदिर जाने के बहाने घर से बाहर बुलाया। रास्ते में उसने जूस खरीदा और उसमें कथित तौर पर कीटनाशक मिला दिया। महेश ने जूस पीने से इनकार किया तो कविता ने प्यार की कसमें देकर उसे जूस पिला दिया।

डेढ़ घंटे तक तड़पता रहा महेश

जहर का असर शुरू होते ही महेश की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं। आरोप है कि कविता करीब डेढ़ घंटे तक उसे तड़पता देखती रही। इसके बाद गणेश अपने दो दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा। वे महेश को बाइक पर लेकर करीब तीन घंटे तक घूमते रहे।

पुलिस के अनुसार, महेश की मौत की पुष्टि होने के बाद उसका शव सड़क किनारे छोड़कर आरोपी फरार हो गए।

CCTV और फेसबुक ने खोला हत्या का राज

शुरुआत में पुलिस के सामने हत्या की वजह और आरोपियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्ध बाइक सवार युवकों की पहचान के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की।

फेसबुक पर कविता और गणेश की साथ में तस्वीरें मिलने के बाद पुलिस का शक गहरा गया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक कविता टूट गई और उसने कथित तौर पर हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *