बीजापुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी: नक्सली डंप का भंडाफोड़, विस्फोटकों का जखीरा बरामद; एक सदस्य गिरफ्तार

बीजापुर। 30अगस्त 2026/जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना बासागुड़ा पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विस्फोटक एवं अन्य सामग्री बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध नक्सली सदस्य को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान जवानों ने पेगड़ापल्ली के जंगल में घेराबंदी कर बोगम लखमू (39 वर्ष), निवासी चिन्नागेलूर, थाना तर्रेम को पकड़ा। पूछताछ में उसके प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चिन्नागेलूर DAKMS सदस्य के रूप में काम करने तथा नक्सलियों की विस्फोटक सामग्री को छिपाने के लिए ले जाने की जानकारी सामने आई।

तलाशी में बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद

आरोपी के कब्जे से तलाशी के दौरान पुलिस ने 50,050 रुपये नगद, एक BGL लॉन्चर, 18 BGL सेल, 12 तीर बम, एक हैंड ग्रेनेड, .303 के 15 जिंदा राउंड, 31 BGL कार्ट्रिज, एक INSAS खाली मैगजीन, बिजली के वायर, तीन राउंड चार्जर और एक ईमीटर लीड बरामद किया।

पुलिस ने बरामद सभी सामग्रियों को नियमानुसार सीलबंद कर पंचनामा तैयार किया। मामले में आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *