रायपुर। 30अगस्त 2026/छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में एक और बड़ा बदलाव करते हुए राज्य प्रशासनिक सेवा के छह अधिकारियों का तबादला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी अधिकारियों को आगामी आदेश तक उनके नवीन पदस्थापना स्थल पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है।
सरकार के इस फेरबदल में मंत्रालय, जिला पंचायत, नगर निगम और छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों से जुड़े पद शामिल हैं।
किस अधिकारी को मिली कौन सी जिम्मेदारी?
देवनारायण कश्यप को अंबिकापुर नगर पालिक निगम आयुक्त के पद से हटाकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मंत्रालय में उप सचिव बनाया गया है।
चित्रकांत चाली ठाकुर को कोंडागांव अपर कलेक्टर के पद से स्थानांतरित कर जिला पंचायत नारायणपुर का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है।
दीप्ति गौते, जो बलौदा बाजार-भाटापारा में अपर कलेक्टर के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही थीं, अब छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में परीक्षा नियंत्रक की भूमिका निभाएंगी।
गुड्डू लाल जगत को बेमेतरा अपर कलेक्टर के पद से स्थानांतरित कर श्रम विभाग, मंत्रालय में उप सचिव नियुक्त किया गया है।
विनय कुमार अग्रवाल, जो जिला पंचायत नारायणपुर के CEO थे, अब अंबिकापुर नगर पालिक निगम के आयुक्त की जिम्मेदारी संभालेंगे।
वहीं डॉ. ऋतु वर्मा, जो सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव हैं और CGPSC परीक्षा नियंत्रक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रही थीं, उन्हें अब नियमित रूप से परीक्षा नियंत्रक नियुक्त किया गया है। उन्हें अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करते हुए उनके बाकी दायित्व यथावत रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासनिक कसावट की दिशा में सरकार का कदम
इस फेरबदल के बाद कई अहम प्रशासनिक पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती हो गई है। सरकार की ओर से इसे प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और विभागीय कामकाज में गति लाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।