कबीरधाम। 10सितम्बर 2026/जिले के ग्राम जैतपुरी में धान के खेतों के बीच तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में डर का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक, तेंदुआ अब तक 4 से 5 बकरियों का शिकार कर चुका है। सूचना मिलते ही डायल 112 की कोतवाली पैंथर-01 टीम मौके पर पहुंची और वन विभाग को इसकी जानकारी दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम के डीएफओ निखिल अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए रायपुर से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई गई है। वहीं, रायपुर जंगल सफारी से ट्रेंकूलाइजेशन गन भी मंगाई गई है। अधिकारियों के अनुसार, गन को मौके तक पहुंचने में करीब 2 से 3 घंटे लग सकते हैं।
रेस्क्यू टीम के पहुंचने तक पुलिस और वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। खेतों में तेंदुए को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तेंदुए के करीब न जाएं, उसे देखने या पकड़ने की कोशिश न करें और किसी भी वन्यजीव की सूचना तत्काल डायल 112 या वन विभाग को दें।
भोरमदेव अभ्यारण्य से लगे जैतपुरी क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही पहले भी देखी जाती रही है, लेकिन इस बार खेतों के बीच तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल वन विभाग तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने की तैयारी में जुटा है।