23मार्च2026
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने झारखंड के कोडरमा जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर टास्क पूरा करने के नाम पर रकम डबल करने का झांसा देकर बचेली क्षेत्र के लोगों से करीब 7 लाख 91 हजार 547 रुपये की ठगी करने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल और बचेली थाना की संयुक्त टीम ने फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन एनालिसिस और साइबर फॉरेंसिक टूल्स की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ समेत आंध्र प्रदेश, दिल्ली, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक और ओडिशा में भी साइबर ठगी की कई शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी के पास से मोबाइल, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और ठगी से जुड़ी नगद राशि बरामद की गई है।
दंतेवाड़ा जिले में लगातार लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूक किया जा रहा है और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की जा रही है।