शादी से लौट रही XUV में अचानक लगी आग, दूल्हा-दुल्हन समेत 7 लोगों ने कूदकर बचाई जान

23मार्च2026

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में शादी समारोह से लौट रहे दूल्हा-दुल्हन और उनके परिजनों की जान उस समय बाल-बाल बच गई, जब उनकी XUV कार में अचानक भीषण आग लग गई। घटना लालपुर थाना क्षेत्र के बंधवापुल के पास की बताई जा रही है। बारात बेमेतरा जिले से मुंगेली के मोहतरा गांव आई थी और विदाई के बाद सुबह सभी लोग कार से वापस लौट रहे थे। रास्ते में ड्राइवर को गाड़ी से धुआं निकलता दिखा, जिसके बाद उसने तुरंत वाहन रोक दिया। कुछ ही पलों में आग तेजी से फैलने लगी और कार के अंदर धुआं भर गया। खतरे को देखते हुए दूल्हा-दुल्हन समेत सभी 7 लोग तुरंत गाड़ी से बाहर कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि सभी लोग सुरक्षित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *