50 डिसमिल जमीन ने ली दो जानें: भाई ही बना भाई और भाभी का कातिल, लोरमी डबल मर्डर का सनसनीखेज खुलासा

नवलपुर हत्याकांड में पुलिस का बड़ा खुलासा, पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से चल रही थी भाइयों में रंजिश; आरोपी ने वारदात के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए रची थी झूठी कहानी

लोरमी 2सितम्बर 2026/छत्तीसगढ़ के लोरमी क्षेत्र के ग्राम नवलपुर में सामने आए दंपति हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया कि इस दोहरे हत्याकांड के पीछे कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि मृतक का सगा भाई ही मुख्य आरोपी था। करीब 50 डिसमिल पैतृक जमीन को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसने आखिरकार खूनी रूप ले लिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक नंदकुमार कश्यप और उसके भाई नंदु कश्यप (46) के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर काफी समय से तनातनी थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते नंदु ने अपने भाई की हत्या की साजिश रची।

रात में घर में घुसकर किया हमला

जांच में पुलिस को पता चला कि 19 अगस्त की रात आरोपी लोहे की कुदरी लेकर अपने भाई के घर पहुंचा। उस समय नंदकुमार घर में सो रहा था। आरोपी ने सोते हुए नंदकुमार पर हमला कर दिया।

हमले की आवाज सुनकर उसकी पत्नी गौरीबाई की नींद खुल गई। उन्होंने आरोपी को पहचान लिया। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर गौरीबाई पर भी हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई।

हत्या के बाद सबूत मिटाने और पुलिस को भटकाने की कोशिश

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने जांच को दूसरी दिशा में मोड़ने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, उसने घर के कमरों और अलमारी को खोल दिया, ताकि घटना लूट या चोरी से जुड़ी हुई नजर आए। इसके बाद घर में ताला लगाकर वह वहां से चला गया।

हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की कुदरी को भी आरोपी ने एक ट्यूबवेल में छिपा दिया था। पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल से मिले सुरागों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई।

पुलिस पूछताछ में खुला हत्या का राज

लोरमी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। संदिग्ध गतिविधियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नंदु कश्यप से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस को हत्याकांड में उसकी कथित भूमिका के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की कुदरी बरामद कर ली गई।

जमीन विवाद का खूनी अंत

पुलिस की जांच के मुताबिक, पूरे हत्याकांड की जड़ में 50 डिसमिल पैतृक जमीन का विवाद था। जमीन को लेकर भाइयों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी। इसी विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि आरोपी ने अपने ही भाई और भाभी की जान ले ली।

पुलिस ने आरोपी नंदु कश्यप को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *