जगदलपुर, 27 जुलाई 2026 बस्तर जिले के रेडवा स्थित 241 बस्तरिया बटालियन मुख्यालय परिसर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का 88वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में 241 बटालियन के कमांडेंट हरविंदर सिंह ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए माल्यार्पण किया। सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने सीआरपीएफ के गौरवशाली इतिहास, उपलब्धियों और देश की आंतरिक सुरक्षा में बल की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही जवानों के बीच मिठाइयों का वितरण भी किया गया।
समारोह में द्वितीय कमान अधिकारी संजय कुमार, उप-कमांडेंट निरंजन कुमार निराला, उप-कमांडेंट प्रमोद कुमार मीणा तथा वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. निकिता आर. नायडू सहित अन्य अधिकारी एवं जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सीआरपीएफ के स्थापना दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में जवानों ने देश सेवा और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा शहीदों के अदम्य साहस को नमन किया।