सेना भर्ती परीक्षा 1 जून से शुरू, एडमिट कार्ड जारी — दलालों से सावधान रहने की अपील

जगदलपुर, 23 मई 2026। भारतीय सेना में भर्ती होकर देशसेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खबर है। सेना भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित होने वाली ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) की तिथियों का ऐलान कर दिया गया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र जगदलपुर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार परीक्षा 1 जून से शुरू होकर 12 जून 2026 तक दो चरणों में आयोजित की जाएगी।

पहला चरण 1 जून से 5 जून तथा दूसरा चरण 8 जून से 12 जून तक चलेगा। छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार भिलाई, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा प्रतिदिन तीन से चार शिफ्टों में आयोजित होगी।

सेना भर्ती परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड होना भी शुरू हो गया है। अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। सेना भर्ती कार्यालय ने सभी उम्मीदवारों को निर्देश दिया है कि वे एडमिट कार्ड में दिए गए दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और परीक्षा के दिन समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें।

भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी नया रायपुर स्थित सेना भर्ती कार्यालय के दूरभाष नंबर 0771-2965212 एवं 0771-2965214 पर संपर्क कर सकते हैं।

सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष है। चयन केवल उम्मीदवार की योग्यता और मेरिट के आधार पर किया जाएगा। युवाओं से अपील की गई है कि वे किसी भी दलाल, अफवाह या अनुचित माध्यम के बहकावे में न आएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *