जगदलपुर। 20अगस्त 2026/साइबर अपराधों से आमजन को सुरक्षित रखने और विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत थाना परपा पुलिस ने विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में 19अगस्त को साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
पुलिस अधीक्षक जगदलपुर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन में 18 अगस्त को विद्या ज्योति स्कूल, जगदलपुर एवं क्राइस्ट कॉलेज, जगदलपुर तथा 19 अगस्त को नवीन महाविद्यालय, तोकापाल में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में डीएसपी चंद्रहास सिन्हा एवं थाना परपा प्रभारी निरीक्षक भोला सिंह राजपूत की उपस्थिति में विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को बढ़ते साइबर अपराधों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से समझाया।
इस दौरान फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और फर्जी लिंक के माध्यम से होने वाली ठगी के प्रति लोगों को सतर्क किया गया। विद्यार्थियों को समझाइश दी गई कि वे अपना OTP, UPI PIN, ATM PIN, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति से साझा न करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करते समय भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की। साथ ही ऑनलाइन वित्तीय ठगी होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
पुलिस ने कहा कि डिजिटल दुनिया में थोड़ी सी सावधानी बड़ी ठगी से बचा सकती है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के लिए प्रेरित करना रहा।
“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें—साइबर अपराध से बचें।”