जगदलपुर, 21 अप्रैल 2026/
जिले में आगामी सुशासन तिहार की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर आकाश छिकारा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आम जनता से विभिन्न माध्यमों के जरिए प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
मंगलवार को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि मई से प्रस्तावित सुशासन तिहार से पहले सीएम हेल्पलाइन, पीजी पोर्टल, जनदर्शन और राजस्व से जुड़े लंबित प्रकरणों को पूरी तरह निपटाया जाए। इसके साथ ही हितग्राही योजनाओं के लंबित भुगतान और आधारभूत सुविधाओं से संबंधित आवेदनों पर भी तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नियद नेल्लानार योजना 2.0 और बस्तर मुन्ने शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। 24 अप्रैल को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं में विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा और सुशासन तिहार के शिविरों की तैयारियों की समीक्षा भी एजेंडा में शामिल रही।
स्वास्थ्य क्षेत्र में ‘स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत स्क्रीनिंग बढ़ाने, गुणवत्तापूर्ण जांच सुनिश्चित करने और जरूरतमंद मरीजों को उच्च संस्थानों में रेफर करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य कर्मचारियों के प्रशिक्षण पर भी बल दिया गया।
इसके अलावा धान उपार्जन केंद्रों से 30 अप्रैल तक उठाव, चावल भंडारण, एपीसी बैठक की तैयारी, नक्शा बंटांकन, असर्वेक्षित गांवों के प्रकरण, स्वामित्व योजना और पीएम आवास योजना (शहरी) के लंबित कार्यों की समीक्षा की गई।
जनगणना की तैयारियों, निष्क्रिय खातों के समायोजन, संपूर्णता अभियान 2.0, निर्माण कार्यों की प्रगति और आयुष्मान कार्ड की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
बैठक में वृद्धजनों के पेंशन प्रकरण, एनक्यूएएस प्रमाणन, रेड कॉल सेंटर के जरिए संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, पीएम श्री योजना के निर्माण कार्य, एनआरसी में बच्चों की उपस्थिति और एनसीडी स्क्रीनिंग जैसे विषयों पर भी दिशा-निर्देश दिए गए।
अंत में कलेक्टर ने जनदर्शन के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में वन मंडलाधिकारी उत्तम गुप्ता, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, ऋषिकेश तिवारी, सहायक कलेक्टर विपिन दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सुशासन तिहार से पहले प्रशासन अलर्ट: लंबित आवेदनों के त्वरित निराकरण पर जोर