जगदलपुर, 21 अप्रैल 2026/
छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर जिले में तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा 26 अप्रैल को आयोजित इस परीक्षा के लिए जगदलपुर में 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 12 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे।
यह परीक्षा प्रदेश के 16 जिलों में आयोजित की जा रही है, लेकिन इसमें राज्य के सभी 33 जिलों से अभ्यर्थी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन में परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पहुंचना अनिवार्य किया गया है, ताकि पहचान सत्यापन और फ्रिस्किंग प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सख्त ड्रेस कोड लागू किया गया है। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और चप्पल पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि गहरे रंग के कपड़ों पर रोक रहेगी। परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पर्स, बेल्ट, टोपी और आभूषण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से एक दिन पहले अपने केंद्र का निरीक्षण कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। वहीं, अनुचित साधनों का उपयोग करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
मंडी बोर्ड परीक्षा: 46 केंद्र, 12 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी—कड़े नियमों के बीच होगी परीक्षा