जगदलपुर के सेड़वा स्थित 241 बस्तरिया बटालियन मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महिला कार्मिकों के साथ उनके परिवारजनों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। खेल प्रतियोगिताओं और प्रेरक संदेशों के बीच पूरा परिसर महिला सशक्तिकरण के उत्साह से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न खेल गतिविधियों से हुई। वॉलीबॉल के रोमांचक मुकाबलों के अलावा म्यूजिकल चेयर, फ्रॉग जंप और लेमन-स्पून रेस जैसे पारंपरिक खेलों में महिला कार्मिकों और उनके परिजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस मौके पर बटालियन के कमांडेंट हरविंदर सिंह ने महिलाओं की भूमिका को समाज और सुरक्षा बलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षा, अवसर और बराबरी का अधिकार देने के लिए सरकार लगातार कई योजनाएं चला रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकें।
कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी संजय कुमार और उप कमांडेंट निरंजन कुमार निराला भी मौजूद रहे। अंत में प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला कार्मिकों और विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने पर प्रतिभागियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरा आयोजन महिला सम्मान और एकजुटता का प्रतीक बन गया।
महिला शक्ति का उत्सव: 241 बस्तरिया बटालियन में खेल और सम्मान के साथ मनाया गया महिला दिवस