किरंदुल में गोदाम की दीवार तोड़कर चोरी, वेल्डिंग मशीन समेत सामान बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा, 24 अगस्त 2026। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल थाना क्षेत्र में गोदाम की दीवार तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की वेल्डिंग मशीन, केबल वायर और लोहे का एंगल समेत घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 19-20 अगस्त की दरम्यानी रात के.व्ही.एस. गोदाम पेट्रोल पंप के पास स्थित गोदाम की दीवार तोड़कर अज्ञात चोरों ने MS प्लेट, एंकर बोल्ट, वेल्डिंग मशीन, दो मोबाइल फोन और अन्य लोहे का स्क्रैप चोरी कर लिया था। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 61,800 रुपये बताई गई है। शिकायत के बाद थाना किरंदुल में अपराध क्रमांक 54/2026 के तहत धारा 331(4), 305(A) BNS में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सघन जांच और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्ध से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटू कड़ती (25 वर्ष), पिता मंगू कड़ती, निवासी ग्राम मदाड़ी पटेलपारा, थाना टिकनपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा चंद्रमोहन सिंह (भापुसे) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार खूंटे के मार्गदर्शन और एसडीओपी किरंदुल अविनाश ठाकुर के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक हेमशंकर गुनेन्द्र, PSI हेमचंद पटेल, PSI सूरज गुप्ता, सहायक उपनिरीक्षक मनबोध पोयाम, आरक्षक 405 धनंजय गंजीर और आरक्षक 131 जोगा कुंजाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *