नागपुर24अगस्त 2026/महाराष्ट्र के नागपुर के गोधनी इलाके में महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के वाटर प्यूरीफिकेशन प्लांट में क्लोरीन गैस के रिसाव से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
गैस के खतरे को देखते हुए प्लांट के आसपास करीब 200 मीटर का क्षेत्र खाली कराया गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। प्रशासन के मुताबिक, संयुक्त अभियान के दौरान करीब 90 प्रतिशत गैस रिसाव को नियंत्रित कर लिया गया है।
40 लोग अस्पताल में भर्ती
क्लोरीन गैस के संपर्क में आने से कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। कुल 40 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि 12 लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। गंभीर रूप से प्रभावित 3-4 मरीजों को आईसीयू में रखा गया है, हालांकि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस घटना में एक कुत्ते की भी मौत हो गई है।
प्रशासन ने की अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस के अनुसार, गैस रिसाव की सूचना रात करीब 12:45 बजे मिली थी। इसके बाद आपातकालीन टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांत रहने और किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील की है।