जशपुर की पहचान और विकास यात्रा को नई दिशा देगी ‘जशपुर : एक परिचय’ पुस्तक, CM साय ने किया विमोचन

रायपुर, 24 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने भारतीय लोक प्रशासन संस्थान, नई दिल्ली द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘जशपुर : एक परिचय’ का विमोचन किया। पुस्तक में जशपुर जिले के इतिहास, प्रशासनिक विकास, सुशासन, सामाजिक-आर्थिक बदलाव, जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और भविष्य की विकास संभावनाओं का व्यापक अध्ययन प्रस्तुत किया गया है।

मुख्यमंत्री  साय ने पुस्तक के प्रकाशन के लिए भारतीय लोक प्रशासन संस्थान की छत्तीसगढ़ क्षेत्रीय शाखा को बधाई देते हुए कहा कि जशपुर प्रकृति, संस्कृति और परंपराओं की समृद्ध विरासत वाला क्षेत्र है, जहां विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि जिले की प्रशासनिक यात्रा और विकास के अनुभवों को पुस्तक के रूप में संकलित करना सराहनीय पहल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी क्षेत्र की विकास यात्रा को समझने के लिए उसके इतिहास, समाज, संस्कृति, प्राकृतिक संसाधनों और प्रशासनिक व्यवस्था का समग्र अध्ययन जरूरी है। ‘जशपुर : एक परिचय’ इसी दृष्टि से महत्वपूर्ण दस्तावेज है। यह पुस्तक जशपुर की वर्तमान तस्वीर के साथ समय के साथ हुए प्रशासनिक और विकासात्मक बदलावों को भी सामने लाती है।

उन्होंने कहा कि जशपुर में कृषि, वनोपज, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों तथा महिला और युवा उद्यमिता को बढ़ावा देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है। जिले के पहाड़, घने वन, नदियां, जलप्रपात और सुरम्य घाटियां प्राकृतिक पर्यटन की बड़ी संभावनाएं रखती हैं। वहीं जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक कला और स्थानीय खान-पान जशपुर को विशिष्ट पर्यटन गंतव्य बना सकते हैं।

जिले के प्रशासन और विकास पर समग्र अध्ययन

भारतीय लोक प्रशासन संस्थान की क्षेत्रीय शाखाओं को संबंधित राज्यों के कम से कम एक जिले का व्यापक अध्ययन करने का प्रोजेक्ट दिया गया है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ की क्षेत्रीय शाखा ने प्रदेश के 33 जिलों में से जशपुर का चयन किया। अध्ययन में आजादी के बाद जिले की प्रशासनिक व्यवस्था, शासन प्रणाली, विकास यात्रा और वर्तमान प्रशासनिक प्रक्रियाओं का विश्लेषण किया गया है।

पुस्तक में जशपुर की भौगोलिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विशेषताओं के साथ जिले के विकास की संभावनाओं को भी रेखांकित किया गया है। अध्ययन में सरकारी रिपोर्टों, जनगणना 2011, विभिन्न प्रकाशनों और जिला प्रशासन के विभागों से प्राप्त आंकड़ों एवं जानकारियों का उपयोग किया गया है।

मुख्यमंत्री  साय ने विश्वास जताया कि ‘जशपुर : एक परिचय’ प्रशासकों, नीति-निर्माताओं, शोधार्थियों और विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण संदर्भ ग्रंथ साबित होगी। साथ ही यह पुस्तक जशपुर के इतिहास, संस्कृति, प्रशासन और विकास पर भविष्य में होने वाले शोध के लिए भी आधार बनेगी।

विमोचन कार्यक्रम में भारतीय लोक प्रशासन संस्थान की छत्तीसगढ़ क्षेत्रीय शाखा रायपुर के चेयरमैन एवं पूर्व मुख्य सचिव  सुयोग्य कुमार मिश्रा, वाइस चेयरमैन एवं पूर्व अपर मुख्य सचिव डॉ. इंदिरा मिश्रा तथा वाइस चेयरमैन, पूर्व मुख्य सचिव एवं वर्तमान छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त  अजय सिंह उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *