सक्ती। 24अगस्त 2026/सूने मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का सक्ती पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना सक्ती क्षेत्र में एक ही रात हुई दो चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात समेत दोनों मामलों का शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया है। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 357/2026 और 332/2026 के तहत चोरी के दो मामले दर्ज किए गए थे। दोनों घटनाओं में चोरी का तरीका एक जैसा पाए जाने पर पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
पहले मामले में फाटकपारा, कांजी हाउस के पीछे निवासी देवराम पटेल के मकान से सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब 2.95 लाख रुपये का सामान चोरी हुआ था। वहीं दूसरे मामले में वार्ड क्रमांक 11, सोंठी निवासी कमला बाई यादव के घर से सोने-चांदी के जेवरात, जरूरी दस्तावेज और दुकान में रखी सिगरेट समेत करीब 90 हजार रुपये का सामान चोरी किया गया था।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बलवीर सतनामी, फलेश साहू और समीर डेनियल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दोनों मकानों में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी के सामान को आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपाया गया था। कुछ जेवरात बिक्री के लिए अमित अग्रवाल, बी.पी. ज्वेलर्स, सक्ती को दिए जाने की जानकारी भी सामने आई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान बरामद कर विधिवत जब्त किया। मामले में एक से अधिक आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर धारा 3(5) एवं 317(2) बीएनएस जोड़ी गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 24 अगस्त 2026 को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया।
ये चार आरोपी गिरफ्तार
- बलवीर सतनामी (22), पिता सुखवींदर सतनामी, निवासी सोंठी।
- फलेश साहू (26), पिता स्व. सुभाष साहू, निवासी सोंठी।
- समीर डेनियल (19), पिता अशोक डेनियल, निवासी सोंठी।
- अमित अग्रवाल (45), पिता प्रेमचंद अग्रवाल, निवासी सक्ती।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस टीम ने की।
पुलिस ने तकनीकी और पारंपरिक पुलिसिंग के समन्वय से दोनों चोरी की घटनाओं को जोड़ते हुए गिरोह का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विवेचना एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है।