बस्तर में जवानों संग दिवाली मनाएंगे PM मोदी, बोले—जहां कभी था नक्सलवाद का खौफ, अब विकास की नई तस्वीर

8 नवंबर 2026 | बस्तर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस साल दिवाली छत्तीसगढ़ के बस्तर में तैनात सुरक्षा बलों के जवानों के साथ मनाएंगे। प्रधानमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी साझा करते हुए जवानों के त्याग, बलिदान और देश के प्रति समर्पण को नमन किया।

पीएम मोदी ने कहा कि बस्तर का वह क्षेत्र, जहां कभी नक्सलवाद का प्रभाव रहा, अब विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लिखा कि वह बस्तर में अपने बहादुर सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाने जा रहे हैं और देश की सुरक्षा के लिए समर्पित जवानों के बलिदान तथा निस्वार्थ सेवा को नमन करेंगे।

प्रधानमंत्री के मुताबिक, जवानों के बीच दिवाली मनाना उनके लिए विशेष अवसर रहा है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से वह लगातार देश के अलग-अलग संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दिवाली मनाते रहे हैं।

इस दौरान उन्होंने सियाचिन, गुरेज घाटी, हर्षिल, राजौरी, लोंगेवाला, नौशेरा, कारगिल और सर क्रीक जैसे क्षेत्रों में जवानों के साथ दिवाली मनाई है। वर्ष 2025 में उन्होंने आईएनएस विक्रांत पर नौसेना के जवानों के साथ दिवाली मनाई थी।

इस बार बस्तर में जवानों के साथ प्रधानमंत्री की दिवाली को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ बदलते बस्तर की तस्वीर से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *