खरीदी केंद्रों का होगा विस्तार, अतिरिक्त भूमि का तहसीलदार करेंगे आकलन
जगदलपुर, 08 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत बस्तर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य 15 नवंबर से शुरू होगा। इस बार धान उपार्जन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। खरीदी गई धान का उठाव राइस मिलरों द्वारा डिलीवरी ऑर्डर के माध्यम से पूरी खरीदी अवधि समाप्त होने के बाद किया जाएगा।
नई व्यवस्था के चलते धान खरीदी केंद्रों पर लंबे समय तक बड़ी मात्रा में धान का सुरक्षित भंडारण करना होगा। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने खरीदी केंद्रों के क्षेत्रफल का विस्तार करने और आवश्यक सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है।
प्रशासन के निर्देश पर खाद्य विभाग ने सभी तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्र के धान खरीदी केंद्रों का तत्काल निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। तहसीलदार केंद्रवार उपलब्ध अतिरिक्त भूमि का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगे।
प्रशासन का उद्देश्य धान खरीदी शुरू होने से पहले केंद्रों पर पर्याप्त जगह और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।