युवाओं के लिए सुनहरा मौका: रायपुर में 31 जनवरी को राज्य स्तरीय रोजगार मेला

जगदलपुर, 30 जनवरी 2026।
छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार पाने का एक बड़ा और सुनहरा अवसर सामने आया है। राजधानी रायपुर में 31 जनवरी को एक भव्य राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, सेजबहार परिसर में आयोजित होगा, जहां तकनीकी रूप से प्रशिक्षित युवाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) बस्तर के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी डॉ. ए.के. मांडले ने बताया कि बस्तर जिले के अंतर्गत संचालित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं से उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं इस मेले में भाग ले सकते हैं। विशेष रूप से बस्तर, बकावण्ड, भानपुरी, जगदलपुर, लोहण्डीगुड़ा, दरभा, तोकापाल, बास्तानार एवं नगरनार आईटीआई से पास हुए युवाओं को प्राथमिकता के साथ आमंत्रित किया गया है।
रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी मूल दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि पर सीधे रायपुर स्थित मेला स्थल पर पहुंच सकते हैं। प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन प्रशिक्षणार्थियों का अभी तक रोजगार कार्यालय या संस्था में पंजीयन नहीं हुआ है, वे निराश न हों। ऐसे अभ्यर्थी अपने निकटतम औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में संपर्क कर शीघ्र पंजीयन करवा सकते हैं और इसके बाद राज्य स्तरीय रोजगार मेले में शामिल होकर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *