जगदलपुर में डॉक्टर कॉलोनी को चोरों ने बनाया निशाना, एक ही रात 5 घरों में सेंधमारी, लाखों की चोरी

जगदलपुर। मेडिकल कॉलेज डिमरापाल स्थित मेकाज डॉक्टर कॉलोनी में बीती रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक साथ पांच डॉक्टरों के घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये की नकदी, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने मेकाज के टाइप-5 क्वार्टरों को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि सभी संबंधित डॉक्टर अपने परिवार के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने पहले इलाके की रेकी की और फिर सुनसान घरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परपा थाना पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घरों का निरीक्षण कर डॉक्टरों से पूछताछ शुरू कर दी है, वहीं चोरी गए सामान का आंकलन किया जा रहा है। एक डॉक्टर ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि चोरों ने नकदी और सोने के गहनों को विशेष रूप से निशाना बनाया है।
पुलिस को आशंका है कि इस वारदात के पीछे किसी संगठित चोर गिरोह का हाथ हो सकता है। आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। डॉग स्क्वायड की मदद से चोरों के संभावित ठिकानों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *