जगदलपुर के 13 केंद्रों पर शामिल होंगे 4223 अभ्यर्थी
जगदलपुर, 21 जुलाई 2026/ छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा का आयोजन रविवार 26 जुलाई को किया जा रहा है। यह परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन ने उक्त परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु जगदलपुर में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए हैं और जिसमें 4,223 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिसके तहत परीक्षा केंद्र शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज (360 अभ्यर्थी), झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय (360 अभ्यर्थी), शासकीय दन्तेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय (360 अभ्यर्थी), शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल क्र. 01 (360 अभ्यर्थी), शासकीय बहुउद्देशीय हायर सेकेण्डरी स्कूल (360 अभ्यर्थी), सेजेस शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल क्र. 02 (360 अभ्यर्थी), स्वामी आत्मानंद एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल धरमपुरा (360 अभ्यर्थी), स्वामी विवेकानंद शासकीय एक्सीलेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल (360 अभ्यर्थी), स्वामी आत्मानंद एक्सीलेंट हिन्दी मीडियम स्कूल रेलवे कालोनी (300 अभ्यर्थी), धरमु माहरा शासकीय महिला पॉलिटेक्निक (240 अभ्यर्थी), शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल लालबाग (300 अभ्यर्थी), बाल बिहार हायर सेकेण्डरी स्कूल (360 अभ्यर्थी) तथा निर्मल हायर सेकेण्डरी स्कूल (143 अभ्यर्थी) शामिल हैं। इस परीक्षा को पूर्णतः पारदर्शी और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देशानुसार सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से ठीक ढाई घंटे पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना अनिवार्य होगा, जहां मुख्य द्वार पर ही मेटल डिटेक्टरों के जरिए कड़ी जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को इंटरनेट से डाउनलोड किया गया मूल प्रवेश पत्र तथा एक मूल फोटो पहचान पत्र साथ लाना होगा। यदि प्रवेश पत्र में लगी फोटो स्पष्ट या नवीन न हो, तो दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य है। प्रशासन ने परीक्षार्थियों के लिए कड़ा ड्रेस कोड भी लागू किया है, जिसके तहत अभ्यर्थियों को हल्के रंग के हाफ टी-शर्ट या हल्के कपड़े तथा पैरों में केवल चप्पल पहनकर ही आना होगा। परीक्षा कक्ष के भीतर किसी भी प्रकार के आभूषण, जैसे कान की बाली या झुमका पहनना पूरी तरह से वर्जित है। इसके अलावा घड़ी, पर्स, मोबाइल, बेल्ट, जूता, मोजा, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, स्कार्फ, टोपी और चश्मा जैसी सामग्रियां भी प्रतिबंधित रहेंगी। परीक्षा के सफल संचालन और परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए डिप्टी कलेक्टर डॉ. मनीष कुमार वर्मा (मो. 9406349496) को नोडल अधिकारी तथा डॉ. अनिल श्रीवास्तव (मो. 9827491253) व डॉ. अजय सिंह ठाकुर (मो. 7000974126) को सह-समन्वयक नियुक्त किया गया है।