देश सेवा करने वाली कमांडो की हत्या: पति ने गर्भवती पत्नी को डंबल से उतारा मौत के घाट

दिल्ली/गन्नौर:दिल्ली पुलिस में ‘SWAT कमांडो’ के पद पर तैनात 27 वर्षीय काजल की हत्या के मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। हत्या के पीछे दहेज और लालच का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी पति अंकुर, जो खुद रक्षा मंत्रालय में क्लर्क है, ने लोहे के डंबल से काजल और उसके अजन्मे बच्चे की हत्या की।
काजल और अंकुर की लव मैरिज 2022 में हुई थी, लेकिन शादी के महज 15 दिन बाद ही पति और ससुराल वालों ने गाड़ी और नकदी की मांग शुरू कर दी। लगातार प्रताड़ना के बाद 22 जनवरी को अंकुर ने काजल के भाई को फोन कर ठंडे दिमाग से कहा, “मैंने काजल को मार दिया है, आकर उसका शव ले जाओ।”
काजल के पिता राकेश ने रुंधे गले बताया, “मेरी बेटी 4 महीने की गर्भवती थी। लालची पति ने उसे और उसके अजन्मे बच्चे को डंबल से मारकर खत्म कर दिया।” उनकी मां मीना देवी ने बताया कि काजल ने ससुराल को देने के लिए 10 लाख का लोन अपने माता-पिता के नाम पर लिया था।
काजल का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव गन्नौर के ‘बड़ी’ में पहुंचा, जहां पूरे इलाके में मातम पसरा। देश की सेवा करने वाली बहादुर बेटी को पुलिस और ग्रामीणों ने राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। इस घटना ने न केवल परिवार को तोड़ा, बल्कि समाज में दहेज के लोभ और घरेलू हिंसा के खिलाफ गहरी चिंता भी पैदा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *