रायपुर। 28अगस्त 2026/छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक 28 वर्षीय महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम जुगेसर के उपरखार में गुरुवार सुबह महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल पर महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं।
मृतका की पहचान बसंती निषाद (28), पति सागर निषाद, निवासी ग्राम जुगेसर के रूप में हुई है। बताया गया कि गुरुवार सुबह गांव के कोटवार विचार दास मानिकपुरी को उपरखार में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर वह मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
मौके पर मिला खून से सना सीमेंट पोल
पुलिस को घटनास्थल के पास सीमेंट का एक टूटा हुआ पोल मिला, जिसके बड़े टुकड़े पर खून के निशान थे। महिला के सिर, चेहरे, आंख और नाक पर गंभीर चोटें मिलीं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि इसी सीमेंट के टुकड़े से महिला पर हमला किया गया होगा।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मर्ग जांच शुरू की। जांच के दौरान चोटों के कारण मौत होने की बात सामने आने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
सुबह 7 बजे से पहले हुई वारदात
एफआईआर के मुताबिक घटना 27 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे से पहले ग्राम जुगेसर के उपरखार क्षेत्र में हुई। प्रारंभ में मर्ग कायम कर जांच की गई थी। हत्या की आशंका स्पष्ट होने के बाद अज्ञात आरोपित के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। मामले को अपराध क्रमांक 397/2026 के रूप में दर्ज किया गया है।
हत्यारा कौन? पुलिस तलाश में जुटी
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और आरोपित की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। मंदिर हसौद थाना पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस संभावित कारणों और संदिग्धों की जानकारी जुटाने के साथ ही यह पता लगाने में लगी है कि महिला की हत्या किसने और क्यों की।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या की पूरी वजह और आरोपित के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।