जगदलपुर, 6 अगस्त2026/। शासकीय मेडिकल कॉलेज (मेकाज) के इंटर्न डॉक्टरों की स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को अब राजनीतिक समर्थन भी मिल गया है। पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव रेखचंद जैन ने अपने समर्थकों के साथ धरना स्थल पहुंचकर हड़ताली इंटर्न डॉक्टरों का समर्थन किया और राज्य सरकार से उनकी मांग जल्द पूरी करने की अपील की।
मंगलवार से मेकाज के इंटर्न डॉक्टर स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग को लेकर हड़ताल पर बैठे हैं। इस दौरान रेखचंद जैन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और भूपेश बघेल के कार्यकाल में जो स्टाइपेंड निर्धारित किया गया था, उसमें वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कोई वृद्धि नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई और इंटर्न डॉक्टरों की कठिन सेवाओं को देखते हुए स्टाइपेंड में बढ़ोतरी बेहद आवश्यक है।
पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग भी की है। उनका कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले इंटर्न डॉक्टरों के साथ न्याय होना चाहिए और सरकार को उनकी मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
धरना-प्रदर्शन के दौरान रेखचंद जैन के साथ हेमू उपाध्याय, विजय सिंह, कुलदीप भदौरिया, निर्मल लोढ़ा, जावेद खान, जालंधर नाग सहित अन्य समर्थक भी मौजूद रहे।