इमरजेंसी लाइट और सायरन से लैस नई बाइकों के साथ ट्रैफिक पुलिस हुई और तेज, हेल्पलाइन पर सूचना मिलते ही होगी त्वरित कार्रवाई
रायपुर12जुलाई 2026/राजधानी रायपुर में ट्रैफिक जाम से लोगों को जल्द राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने अपनी क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को और अधिक मजबूत किया है। पुलिस को 10 नई हाई-स्पीड बाइक मिली हैं, जिनकी मदद से अब जाम प्रभावित क्षेत्रों में टीम पहले से कहीं अधिक तेजी से पहुंच सकेगी।
नई बाइकों में इमरजेंसी लाइट और सायरन जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं, जिससे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी पुलिस तेजी से रास्ता बनाकर मौके तक पहुंच सकेगी। इनका उपयोग विशेष रूप से सदर बाजार, रामसागरपारा, तात्यापारा समेत शहर के व्यस्त ट्रैफिक क्षेत्रों में किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिस कार्यालय परिसर में QRT टीमों को नई बाइकों की जिम्मेदारी सौंपते हुए संवेदनशील और जाम प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर टीमों को आम जनता को तत्काल राहत पहुंचाने पर जोर दिया।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शहर में कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनने पर तुरंत 94792 10632 हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें। सूचना मिलते ही संबंधित QRT टीम मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु बनाने की कार्रवाई करेगी।
इस दौरान एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले सहित यातायात विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।