प्रिंटर, स्कैनर, गांधी जी की तस्वीर और वॉटरमार्क पेपर बरामद; 2.91 लाख रुपये के 1,124 नकली नोट मिले
हैदराबाद: 4सितंबर 2026/शहर में नकली नोट छापने और उन्हें बाजार में चलाने वाले एक गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक Zomato डिलीवरी वर्कर, एक Rapido ड्राइवर और एक ऑटो चालक शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी बाहर से आम लोगों की तरह अपना काम करते थे, लेकिन कथित तौर पर इसके पीछे नकली नोट बनाने और उन्हें बाजार में खपाने का धंधा चला रहे थे।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने नकली नोट तैयार करने का तरीका YouTube और Instagram पर मौजूद वीडियो देखकर सीखा था। इसके बाद वे प्रिंटर और अन्य सामान की मदद से नकली नोट तैयार करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,124 नकली नोट बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2.91 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा प्रिंटर, स्कैनर और नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने कितने नकली नोट बाजार में चलाए और इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। मामले की जांच जारी है।