गरियाबंद, 15 मार्च2026
गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल घटारानी धाम में देर रात लगी आग ने मंदिर परिसर के पास लगे दुकानों के पूरे इलाके को प्रभावित कर दिया। अचानक भड़की आग ने देखते ही देखते करीब 8 से 9 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे सभी दुकानें जलकर खाक हो गईं। इस हादसे में दुकानदारों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
आग लगने की खबर फैलते ही आसपास के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश करने लगे। हालांकि आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि तब तक दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
नवरात्रि के लिए रखा था नया स्टॉक
मंदिर परिसर के पास संचालित इन दुकानों में प्रसाद, पूजा सामग्री और फैंसी सामान बेचा जाता था। आगामी चैत्र नवरात्रि को देखते हुए दुकानदारों ने हाल ही में बड़ी मात्रा में नया सामान मंगाया था। लेकिन आग लगने से यह पूरा स्टॉक जल गया, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
जंगल की आग फैलने की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि पास के जंगल में लगी आग धीरे-धीरे मंदिर क्षेत्र तक पहुंच गई होगी और उसी के कारण यह हादसा हुआ। क्षेत्र के आसपास घने जंगल होने से गर्मी के दिनों में जंगलों में आग लगने की घटनाएं आम हैं।
जांच में जुटी पुलिस, मुआवजे की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद फिंगेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है, क्योंकि यही उनकी आजीविका का मुख्य साधन था।
घटारानी धाम में आग से तबाही: 9 दुकानें राख, नवरात्रि से पहले व्यापारियों को लाखों का झटका