तूफान अकवान का असर! 20-21 नवंबर को बस्तर समेत दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर/बस्तर, 17 नवंबर 2026। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गहरे मौसम तंत्र के चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना के बीच छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 नवंबर को बस्तर समेत दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

मौसम तंत्र के 17 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है। इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 20 नवंबर की दोपहर आंध्र प्रदेश और यनम तट के आसपास पहुंच सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि तेज झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

बस्तर में 20-21 नवंबर को बदलेगा मौसम

तूफान के प्रभाव से दक्षिण छत्तीसगढ़ में बादल सक्रिय होंगे। बस्तर संभाग और आसपास के जिलों में 20 एवं 21 नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी है। इसके बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।

17 जिलों में ठंड बढ़ी

बारिश के अलर्ट के बीच प्रदेश में ठंड का असर भी बढ़ रहा है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बलरामपुर में 13.3 और बस्तर में 14.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। प्रदेश के 17 जिलों में न्यूनतम तापमान 13 से 18.3 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

राजधानी रायपुर में फिलहाल मौसम साफ है और दिन का तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *