जवानों के शौर्य ने लिखा बस्तर का नया इतिहास: विजय शर्मा

अमर वाटिका में शहीदों को श्रद्धांजलि, वीरता पदक से अलंकृत जवानों का सम्मान

जगदलपुर, 15 अगस्त 2026। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बस्तर क्षेत्र के वीर जवानों के अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान को नमन किया। जगदलपुर स्थित अमर वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में कांकेर, नारायणपुर, सुकमा और दंतेवाड़ा में पदस्थ वीरता पदक से अलंकृत पुलिस जवानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के शौर्य और बलिदान ने बस्तर का नया इतिहास लिखा है।

विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान में मिली ऐतिहासिक सफलताओं का श्रेय सुरक्षा बलों के साहस, समर्पण और दृढ़ संकल्प को जाता है। जवान कठिन परिस्थितियों और आईईडी जैसे घातक खतरों के बीच भी पूरी निष्ठा के साथ मोर्चे पर डटे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य गठन के 25 वर्षों के भीतर छत्तीसगढ़ पुलिस के 141 जवानों को गैलेंट्री अवार्ड मिलना उनके अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रमाण है। नई सरकार के गठन के बाद बस्तर के दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में भी राष्ट्रीय पर्वों पर तिरंगा फहराया जा रहा है। इस वर्ष 93 नए स्थानों पर तिरंगा फहराकर सुरक्षा बलों ने लोकतंत्र और जनता के विश्वास को मजबूत किया है।

विजय शर्मा ने अगस्त 2025 में जगदलपुर में हुए बड़े आत्मसमर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि 210 नक्सलियों का 163 हथियारों के साथ आत्मसमर्पण देश के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पुनर्वास अभियान है। उन्होंने इसे सुरक्षा बलों के दृढ़ संकल्प और बस्तर में शांति की दिशा में बड़ी सफलता बताया।

आधुनिक शिक्षा और तकनीक से जुड़ेंगे बस्तर के बच्चे

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता बस्तर की जल, जंगल और संस्कृति को संरक्षित रखते हुए यहां के बच्चों को आधुनिक शिक्षा और तकनीक से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, वहां अब विकास की नई संभावनाएं तैयार हो रही हैं।

उन्होंने बताया कि टेकुलगुड़ा जैसे क्षेत्रों में सुरक्षा कैंपों को ‘शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन केंद्रों में स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी और कौशल विकास केंद्र जैसी सुविधाएं स्थानीय संस्कृति और प्राकृतिक संसाधनों के अनुरूप विकसित की जाएंगी।

विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में शांति, विकास और लोकतंत्र की स्थापना की दिशा में लगातार सकारात्मक बदलाव हो रहे हैं। उन्होंने सभी जवानों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बस्तर में सुख, शांति और विकास का नया मार्ग प्रशस्त करने में सुरक्षा बलों के साथ-साथ स्थानीय जनता की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ने अमर जवान शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और शहीदों की स्मरण पट्टिका पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर महापौर संजय पांडेय, सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, अन्य जनप्रतिनिधि, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *