बस्तर के हुनर को मिलेगा वैश्विक मंच: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया क्रिएटर हब स्टूडियो का शुभारंभ

पहले पॉडकास्ट में उप मुख्यमंत्री ने साझा किए बस्तर के विकास, युवाओं और डिजिटल संभावनाओं पर विचार

जगदलपुर, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने जगदलपुर स्थित लाला जगदलपुरी ग्रंथालय परिसर में बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो का शुभारंभ किया। आधुनिक तकनीकों और डिजिटल संसाधनों से सुसज्जित यह क्रिएटर हब बस्तर के युवाओं, नवाचारियों और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मकता एवं विचारों को व्यापक मंच तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करेगा।

शुभारंभ के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने क्रिएटर हब की विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया और यहां उपलब्ध आधुनिक तकनीकी संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने युवाओं को डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर अपनी प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ बस्तर की कला, संस्कृति, परंपरा, पर्यटन और विकास की सकारात्मक तस्वीर देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया।

क्रिएटर हब के पहले पॉडकास्ट में उप मुख्यमंत्री की बातचीत

बस्तर क्रिएटर हब के शुभारंभ के साथ ही इसके पहले पॉडकास्ट की शुरुआत भी हुई। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा का इंटरव्यू रिकॉर्ड किया गया। उन्होंने बस्तर के विकास, युवाओं की भूमिका तथा नई तकनीकों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।

कंटेंट क्रिएशन से डिजिटल मीडिया तक मिलेगी सुविधा

बस्तर क्रिएटर हब युवाओं को कंटेंट निर्माण, पॉडकास्ट, वीडियो प्रोडक्शन, डिजिटल मीडिया और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से स्थानीय युवा अपने विचारों, अनुभवों और नवाचारों को बेहतर तरीके से प्रस्तुत कर सकेंगे।

बस्तर की प्रतिभाओं को मंच देने और यहां की स्थानीय कहानियों, कला-संस्कृति एवं उपलब्धियों को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने की दिशा में यह क्रिएटर हब आने वाले समय में एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होने की उम्मीद है।

इस अवसर पर महापौर श्री संजय पाण्डेय, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री दिनेश कश्यप सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं कमिश्नर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ श्री तन्मय खन्ना, सहायक कलेक्टर श्री यशवंत नाईक, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा क्रिएटर हब से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *