मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026: लोक कलाकारों के लिए सुनहरा मौका, 31 अगस्त तक करें आवेदन

रायपुर, 18 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण देने के साथ लोक कलाकारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 शुरू की गई है। संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने योजना के तहत प्रदेश के लोक कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।

हर साल मिलेंगे 12 से 24 हजार रुपये

योजना के तहत चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष न्यूनतम 12 हजार से अधिकतम 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से दी जाएगी। यह राशि एक वित्तीय वर्ष में एक बार प्रदान की जाएगी।

इन विधाओं के कलाकार कर सकते हैं आवेदन

योजना का लाभ नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीतकार, वाद्ययंत्र वादन, शिल्पकला, पारंपरिक छत्तीसगढ़ी पाक कला और छत्तीसगढ़ी सौंदर्यकला (श्रृंगार) से जुड़े कलाकार उठा सकते हैं।

ये शर्तें होंगी जरूरी

योजना के लिए पात्र कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य है। इसके साथ ही आवेदक की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन के साथ सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र, बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड और पैन कार्ड की छायाप्रति संलग्न करना जरूरी होगा।

पंजीकृत डाक से भेजना होगा आवेदन

निर्धारित प्रारूप में आवेदन पंजीकृत डाक के माध्यम से भेजना होगा। आवेदन पत्र विभाग की वेबसाइट के साथ संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, नया रायपुर स्थित कार्यालय से भी प्राप्त किया जा सकता है।

आवेदन भेजने का पता:
संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय,
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर,
द्वितीय तल, सेक्टर-27, नया रायपुर, अटल नगर (छत्तीसगढ़) – 492018

लिफाफे पर “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026” स्पष्ट रूप से अंकित करना अनिवार्य होगा। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण समिति द्वारा किया जाएगा और समिति का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा।

अंतिम तिथि: 31 अगस्त 2026।

यह योजना प्रदेश की लोक कला परंपराओं को संरक्षित करने के साथ कलाकारों के सम्मान, आर्थिक सशक्तीकरण और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *