कूलर के साये में बाबा की सैर! वायरल वीडियो पर उद्योगपति हर्ष गोयनका का तंज”

20मई 2026

नई दिल्ली। विवादित धर्मगुरु संत  रामपाल एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। इस बार वजह बना उनका एक ऐसा वीडियो, जिसने इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींच लिया। वायरल क्लिप में रामपाल अपने आश्रम परिसर में टहलते नजर आ रहे हैं, जबकि उनके अनुयायी उनके आगे-पीछे कूलर लेकर चलते दिखाई दे रहे हैं, ताकि तेज गर्मी में उन्हें राहत मिलती रहे।
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने इसे भक्ति की पराकाष्ठा बताया, तो कई लोगों ने इस पर तंज कसना शुरू कर दिया। इसी बीच देश के जाने-माने उद्योगपति Harsh Goenka ने भी वीडियो साझा करते हुए कटाक्ष भरी टिप्पणी की। उन्होंने लिखा कि “देखिए, बाबा गर्मी में किस अंदाज में सैर कर रहे हैं… इतनी बड़ी फैन फॉलोइंग के बीच वे कितने ‘कूल’ नजर आते हैं।”
गोयनका की यह टिप्पणी तेजी से वायरल हो गई और इंटरनेट पर बहस छिड़ गई। कुछ लोगों ने इसे हास्य के रूप में लिया, जबकि कुछ समर्थकों ने बाबा के प्रति आस्था जताते हुए वीडियो का बचाव किया।
दरअसल, रामपाल पिछले महीने ही लंबे समय बाद जेल से बाहर आए हैं। साल 2014 में हरियाणा के हिसार स्थित सतलोक आश्रम में हुई हिंसा और गिरफ्तारी विरोध मामले में उन्हें जेल भेजा गया था। हाल ही में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद वे रिहा हुए।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, उस दौरान आश्रम में बड़ी संख्या में समर्थक जमा हो गए थे और पुलिस कार्रवाई के दौरान हालात हिंसक हो गए थे। मामले को लेकर लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया चली। अब जेल से बाहर आने के बाद रामपाल एक बार फिर सार्वजनिक चर्चाओं और सोशल मीडिया ट्रेंड का हिस्सा बन गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *