कांकेर में सर्चिंग के दौरान मिला 3 किलो का प्रेशर कुकर IED, बीडीएस टीम ने मौके पर किया नष्ट

कांकेर 21नवंबर2026/ छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर कांकेर जिले में सुरक्षा बलों को सर्चिंग अभियान के दौरान एक प्रेशर कुकर आईईडी बरामद करने में सफलता मिली है। यह आईईडी ग्राम मोरखण्डी और हिंदुर के बीच जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में मिला। बरामद आईईडी का वजन लगभग 3 किलोग्राम बताया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को थाना छोटेबेठिया क्षेत्र में जिला पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की संयुक्त टीम सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान टीम को जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में एक प्रेशर कुकर आईईडी दिखाई दिया।

इसके बाद बीडीएस टीम ने मौके पर ही आईईडी को निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। इस संयुक्त अभियान में बीएसएफ की 94वीं वाहिनी बांदे के इंस्पेक्टर सुशील कुमार और बीडीएस टीम कमांडर मनोज कुमार शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *