बस्तर ओलंपिक को लेकर प्रशासन अलर्ट, 25-26 नवंबर को स्टेडियम में दिखेगा खिलाड़ियों का दमखम

कलेक्टर आकाश छिकारा ने इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

जगदलपुर, 21 नवंबर 2026। बस्तर ओलंपिक की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। आगामी 25 और 26 नवंबर को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में शनिवार को कलेक्टर आकाश छिकारा ने इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम पहुंचकर आयोजन की तैयारियों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खेल मैदान की स्थिति, आयोजन स्थल, खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता का आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित और निर्धारित समय के अनुसार किया जाए। खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को भी कहा।

इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी अभय नोन्हारे, उप संचालक पंचायत बीरेंद्र बहादुर, जिला खेल अधिकारी शशांक पॉल सहित लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, नगरीय प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आयोजन को लेकर अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि बस्तर ओलंपिक स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के बाद आगामी माह में संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक का आयोजन भी प्रस्तावित है। ऐसे में खिलाड़ियों के साथ खेल प्रेमियों में भी प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *