हिमाचल की वादियों में बस्तर के युवाओं ने सीखे जिंदगी के नए सबक

प्लेस ऑफ पॉसिबिलिटीज यूथ फेस्टिवल में शामिल होकर लौटे युवा, नेतृत्व और आत्मविश्वास का मिला अनूठा अनुभव

23मई 2026

बस्तर जिला प्रशासन की पहल पर जगदलपुर जिले के 16 सदस्यीय युवा दल ने प्लेस ऑफ पॉसिबिलिटीज यूथ फेस्टिवल में हिस्सा लेकर जिले और राज्य का नाम रोशन किया। कलेक्टर आकाश छिकारा एवं जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन के निर्देश तथा जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल के मार्गदर्शन में यह दल 10 मई को अध्ययन भ्रमण के लिए रवाना हुआ था, जो 20 मई को सफलतापूर्वक जगदलपुर लौट आया।

इस 10 दिवसीय भ्रमण का उद्देश्य युवाओं में लाइफ स्किल्स, नेतृत्व क्षमता, सामुदायिक जीवन, प्रकृति आधारित सीख और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना था। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ेमुरमा के व्याख्याता मनीष कुमार अहीर ने नोडल अधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

यात्रा के दौरान युवाओं ने दिल्ली में इंडिया गेट का भ्रमण किया, वहीं हिमाचल प्रदेश के बीर में विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट, डियर पार्क और भगवान बुद्ध स्थल का अवलोकन किया। प्रतिभागियों ने ह्यूमन लाइब्रेरी, योगाभ्यास, नेचर वॉक, ट्रेकिंग, कैंपिंग और स्किल डेवलपमेंट गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बिलिंग और राजगंधा की खूबसूरत पहाड़ियों के बीच आयोजित कैंप युवाओं के लिए सबसे यादगार अनुभव रहा। यहां उन्होंने आत्मविश्लेषण, सामुदायिक जीवन और समाज की सकारात्मकताओं पर चर्चा की। स्वरचित नाटकों, समूह गतिविधियों और अनुभव साझा करने के सत्रों के जरिए युवाओं ने नेतृत्व, टीमवर्क और आत्मविश्वास की व्यावहारिक सीख हासिल की।

जिला प्रशासन बस्तर और पीओपी टीम के सहयोग से मिला यह अवसर युवाओं के लिए सीख, संस्कृति, प्रकृति और आत्मविकास का प्रेरणादायी अनुभव साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *