बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान से जागरूक हुए विद्यार्थी, अधिकारों और सुरक्षा की मिली जानकारी

रायपुर, 18 अगस्त 2026। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत सूरजपुर जिले के रामानुजनगर विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परशुरामपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बालिकाओं के अधिकार, महिला एवं बाल सुरक्षा कानून, सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।

कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में निबंध एवं नारा लेखन प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। जागरूकता सत्र में घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, मासिक धर्म स्वच्छता, बाल विवाह और साइबर अपराध जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

विद्यार्थियों को 1098, 181, 112 और 1930 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए आपात स्थिति में सहायता लेने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना और सखी वन स्टॉप सेंटर जैसी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की कैरियर काउंसलिंग कर उन्हें अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार भविष्य का लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान जागरूकता संबंधी ब्रोशर भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग, साइबर सेल के अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *