तिरंगे के रंग में रंगा जगदलपुर, गूंजे ‘वंदे मातरम’ के जयघोष

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकली भव्य तिरंगा यात्रा, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्कूली बच्चों ने बढ़ाया उत्साह

जगदलपुर, 11 अगस्त 2026। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को जगदलपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगे के साथ निकली इस यात्रा ने शहर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, स्कूली विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

तिरंगा यात्रा मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से शुरू हुई और एसबीआई चौक, चांदनी चौक, हनुमान चौक एवं संजय मार्केट होते हुए वापस दंतेश्वरी मंदिर के समीप पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव के प्रतीक तिरंगे को हर घर में सम्मानपूर्वक फहराने का संदेश दिया।

यात्रा में महापौर संजय पांडेय, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, बस्तर राज परिवार के सदस्य कमलचन्द्र भंजदेव, एमआईसी सदस्य, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, सीईओ जिला पंचायत तन्मय खन्ना सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए।

यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम’ के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा। तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान का गायन किया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष उत्साह और गरिमा प्रदान की।

हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया गया।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत आजादी का अमृत महोत्सव के तहत की गई थी। इसका उद्देश्य नागरिकों को तिरंगा अपने घर लाने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इसे फहराने के लिए प्रेरित करना है। अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के साथ नागरिकों के व्यक्तिगत जुड़ाव को मजबूत करने के साथ देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता की भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है।

इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने की भावना को समर्पित है। अभियान के जरिए देशभक्ति, तिरंगे पर गर्व और राष्ट्रीय गीत में निहित मातृभूमि के प्रति प्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश में 7 से 15 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *