जगदलपुर, 11 अगस्त 2026। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र जगदलपुर द्वारा 14 अगस्त को कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में प्रातः 10 बजे से निर्यात जागरूकता कैम्प एवं ई-कॉमर्स एक्सपोर्ट सम्मिट का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों तथा संभावित निर्यातकों को निर्यात की प्रक्रिया, शासकीय योजनाओं और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उपलब्ध व्यापारिक अवसरों की जानकारी देना है।
कार्यक्रम में डीजीएफटी, एक्जिम बैंक, ईसीजीसी, सिडबी, इंडिया पोस्ट, लीड बैंक, एमएसएमई विभाग, वॉलमार्ट और डीएचएल सहित विभिन्न संस्थाओं के विशेषज्ञ शामिल होंगे। विशेषज्ञों द्वारा आईईसी पंजीयन, निर्यात प्रक्रिया, ई-कॉमर्स एक्सपोर्ट, डाक निर्यात, निर्यात वित्त, एक्सपोर्ट डॉक्यूमेंटेशन सहित निर्यात से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी और मार्गदर्शन दिया जाएगा।
इसके साथ ही प्रतिभागियों को विशेषज्ञों एवं ई-कॉमर्स कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बिजनेस इंटरेक्शन का अवसर भी मिलेगा। इससे स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की संभावनाओं को समझने में मदद मिलेगी।
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र जगदलपुर के मुख्य महाप्रबंधक अजीत सुंदर बिलुंग ने जिले के उद्यमियों, निर्यातकों, उद्योग संघों, व्यापारिक संगठनों एवं इच्छुक नागरिकों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर निर्यात क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।