सीसीटीवी फुटेज से खुला मोटरसाइकिल चोरी का राज, 20 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर, 11 अगस्त 2026। जगदलपुर के हल्बा कचौरा इलाके से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल CG-17-KU-3240, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये है, बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को हल्बा कचौरा निवासी भारत मौर्य के घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान बिलासा बघेल (20), निवासी नयामुंडा, महारानी वार्ड, जगदलपुर के रूप में की।

पता तलाश के दौरान आरोपी को आड़ावाल के पास पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर छिपाकर रखी गई चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर विधिवत जब्त की गई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 9 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

बस्तर पुलिस द्वारा जिले में चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *