दंतेवाड़ा में माओवादियों की बड़ी साजिश नाकाम, जंगल से दो शक्तिशाली IED बरामद कर किए गए निष्क्रिय

दंतेवाड़ा, 27 जनवरी 2026।
जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा के थाना बारसूर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुफा के समीप जंगली पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने माओवादियों की एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। संयुक्त सर्च और डी-माइनिंग अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए दो शक्तिशाली आईईडी बरामद किए गए, जिन्हें सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ पोलसेंट सीजी सेक्टर से मिली सटीक और विश्वसनीय आसूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। थाना बारसूर पुलिस, यंग प्लाटून/195 वाहिनी और बम डिस्पोजल स्क्वॉड की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम गुफा एवं आसपास के वन क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया।
सुबह से चला डी-माइनिंग अभियान
22 जनवरी को माओवादियों द्वारा क्षेत्र में विस्फोटक लगाए जाने की सूचना मिलने के बाद, 27 जनवरी की सुबह करीब 6 बजे से ग्राम गुफा और उसके आसपास के दुर्गम वन क्षेत्र में डी-माइनिंग ऑपरेशन शुरू किया गया। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने विस्फोटक डंप को चिन्हित किया।
इतनी मात्रा में विस्फोटक बरामद
सर्च ऑपरेशन के दौरान मौके से—
एक डायरेक्शनल पाइप बम, एक डेटोनेटर सहित (वजन लगभग 5 किलोग्राम)
एक प्रेशर कुकर आईईडी, लगभग 5 किलोग्राम वजन का, करीब 15 मीटर वायर के साथ
बरामद किया गया।
बरामद सभी विस्फोटकों को बम डिस्पोजल दस्ते द्वारा मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया। इस कार्रवाई से सुरक्षा बलों के साथ-साथ आम नागरिकों को होने वाले संभावित जान-माल के नुकसान को टाल दिया गया।
माओवादी मंसूबों पर करारा प्रहार
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यह सफलता आसूचना एजेंसियों, सीआरपीएफ इकाइयों और स्थानीय पुलिस के बेहतर तालमेल का परिणाम है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया है कि नक्सल विरोधी सर्चिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *